बलरामपुर में बकरीद पर दिखा पुलिस का संवेदनशील और मानवीय चेहरा, बच्चों को चॉकलेट देकर जीता दिल

उप्र के बलरामपुर जनपद में ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर थाना पचपेड़वा क्षेत्र में पुलिस का संवेदनशील और मानवीय चेहरा देखने को मिला।

बलरामपुर में बकरीद पर दिखा पुलिस का संवेदनशील और मानवीय चेहरा, बच्चों को चॉकलेट देकर जीता दिल
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद में ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर थाना पचपेड़वा क्षेत्र में पुलिस का संवेदनशील और मानवीय चेहरा देखने को मिला। एक ओर जहां पुलिस प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था संभाल रखी थी, वहीं दूसरी ओर मासूम बच्चों के बीच चॉकलेट और बिस्कुट बांटकर खुशियों में भी शामिल हुआ।

अपर पुलिस अधीक्षक ने शांति व्यवस्था के दृष्टिगत तुलसीपुर सर्किल का भ्रमण किया। क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर डॉ. जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मस्जिदों, ईदगाहों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

त्योहार शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो, इसके लिए पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा। इसी दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें चॉकलेट और बिस्कुट वितरित किए।

अचानक पुलिस को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। बच्चों ने मुस्कुराते हुए पुलिसकर्मियों से चॉकलेट ली और ईद की खुशियां साझा कीं। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना रहा।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ इस तरह का अपनापन समाज में सकारात्मक संदेश देता है। अधिकारियों ने भी लोगों से प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

त्योहार के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। अधिकारियों ने कहा कि जनता की सुरक्षा के साथ-साथ लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। बच्चों को चॉकलेट बांटकर पुलिस ने यह संदेश दिया कि संवेदनशीलता और मानवता ही बेहतर समाज की पहचान है।