मकर संक्रांति मेले में बवाल, लाठी-डंडों से भिड़े लोग, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

असोथर थाना पुलिस ने वीडियो के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मकर संक्रांति मेले में बवाल, लाठी-डंडों से भिड़े लोग, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर/जनमत न्यूज। मकर संक्रांति के अवसर पर फतेहपुर जनपद में आयोजित मेले के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मामूली विवाद के बाद मेले में मौजूद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडों से हुई इस झड़प के चलते मेले में भगदड़ जैसे हालात बन गए और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति द्वारा बना लिया गया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं, जबकि महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग दहशत में मेले से दूर भागते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह घटना असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी गांव में आयोजित मकर संक्रांति मेले की है। मेले में भारी संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्र से आए लोग मौजूद थे। अचानक हुई मारपीट से पूरे मेले का माहौल खराब हो गया और काफी देर तक अव्यवस्था बनी रही।

वायरल वीडियो के संज्ञान में आते ही पुलिस हरकत में आ गई है। असोथर थाना पुलिस ने वीडियो के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक आयोजनों में शांति भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।