कांग्रेस 40 वर्षों से सत्ता से बाहर, आंकड़े सुधार कर दें बयान: हरदोई में बोले मंत्री नितिन अग्रवाल
उप्र सरकार में आबकारी राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल आज रसोइयों के सम्मेलन में हरदोई जनपद पहुंचे और इस दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर पलटवार किया।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र सरकार में आबकारी राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल आज रसोइयों के सम्मेलन में हरदोई जनपद पहुंचे और इस दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस यूपी से 40 साल से सत्ता से बाहर है उनके नेताओं के पास ना आंकड़े हैं ना तथ्य हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को पहले आंकड़े सुधारने और उसके बाद बयान देने की बात कही है।
परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार करने वाली रसोइया दीदियों के लिए सरकार ने सौगातों का पिटारा खोल दिया है।इसके तहत आज हरदोई के गांधी भवन में भी एक विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ।
जिसमे मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे आबकारी राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने रसोइयों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को लेकर सरकार की चार बड़ी घोषणाओं के कार्यक्रम में पहुंचे।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि सरकार प्रदेश की लाखों रसोइया दीदियों के आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
दरअसल, सरकार ने रसोइयों का मासिक मानदेय 3,000 से बढ़ाकर अब 4,000 प्रति माह कर दिया है। इसके साथ ही, खाना बनाने के दौरान उपयोग होने वाली ड्रेस के लिए मिलने वाले 500 के भत्ते को दोगुना करते हुए 1,000 कर दिया गया है।
रसोइया दीदियों को भविष्य में किसी भी अनहोनी से बचाने के लिए सरकार ने दो बड़े सुरक्षा कवच दिए है जिनमे कार्य के दौरान या किसी दुर्घटना की स्थिति में रसोइयों को 2 लाख तक का बीमा कवर मिलेगा।
रसोइया दीदियों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा से जोड़ा गया है अब वे 5 लाख तक का मुफ्त इलाज करा सकेंगी, जिसका पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा गांव-गांव कंपोजिट स्कूलों की जगह कंपोजिट शराब की दुकानें खोलने के लगाए गए आरोपों पर आबकारी मंत्री ने तीखा पलटवार किया।
उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी पिछले 40 वर्षों से उत्तर प्रदेश की सत्ता से बाहर है। उनके नेताओं के पास न तो कोई सही आंकड़ा है और न ही तथ्य। नितिन अग्रवाल ने कांग्रेस नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि बयानबाजी करने से पहले वे अपने आंकड़े सुधार लें।







