प्रतापगढ़ में मारपीट व हत्या के प्रयास का वांछित 62 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, खोखा कारतूस बरामद

उप्र के प्रतापगढ़ जिले के थाना दिलीपपुर पुलिस ने मारपीट एवं हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 62 वर्षीय आरोपी नवाब अली उर्फ फुल्लन को चौपई पुल के पास से गिरफ्तार किया है।

प्रतापगढ़ में मारपीट व हत्या के प्रयास का वांछित 62 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, खोखा कारतूस बरामद
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जिले के थाना दिलीपपुर पुलिस ने मारपीट एवं हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 62 वर्षीय आरोपी नवाब अली उर्फ फुल्लन को चौपई पुल के पास से गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के पट्टे (फट्टे) और घटनास्थल के पास से 315 बोर का एक खोखा कारतूस बरामद किया। पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को मो. सादाब मुकदमे की पैरवी के लिए प्रतापगढ़ जा रहे थे।

ग्राम गनईडीह के पास लाल रंग की स्विफ्ट कार सवार आरोपियों ने कथित तौर पर ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। गाली-गलौज के बाद जान से मारने की नीयत से फायर किए जाने का आरोप है। 

सादाब भागने के दौरान गिर गए, जिसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडे और लकड़ी के पट्टों से मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में थाना दिलीपपुर में मुकदमा अपराध संख्या 189/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय कांत सत्यार्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवाब अली उर्फ फुल्लन पुत्र जमील, निवासी यहियापुर, थाना दिलीपपुर, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ वर्ष 2017 में भी थाना कंधई में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार पाठक, कांस्टेबल आशीष कुमार और रिजर्व कांस्टेबल अवनीश कुमार शामिल रहे।