अयोध्या में कांग्रेस ने निकाली सद्बुद्धि यात्रा, श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी की निष्पक्ष जांच की मांग

उप्र के अयोध्या जिला कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष चेतनारायण सिंह व महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से संबंधित कथित वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना के उद्देश्य से "सद्बुद्धि यात्रा" निकाली।

अयोध्या में कांग्रेस ने निकाली सद्बुद्धि यात्रा, श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी की निष्पक्ष जांच की मांग
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट

अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जिला कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष चेतनारायण सिंह व महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से संबंधित कथित वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना के उद्देश्य से "सद्बुद्धि यात्रा" निकाली।

कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन से प्रारंभ हुई यह यात्रा रिकाबगंज चौराहे स्थित राम-जानकी मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी के समक्ष प्रार्थना करते हुए हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ भी किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि श्रीराम मंदिर के पवित्र चढ़ावे और श्रद्धालुओं की मेहनत की कमाई से जुड़े कथित अनियमितताओं के आरोप अत्यंत गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण ने भाजपा के स्वयं को धर्म और सनातन संस्कृति का संरक्षक बताने के दावों पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।

उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की माननीय उच्च न्यायालय के किसी सिटिंग जज की निगरानी में निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही श्रीराम मंदिर की व्यवस्थाओं को पूर्ण पारदर्शिता एवं श्रद्धालुओं की आस्था के अनुरूप संचालित किया जाए।