बदहाल हुआ रानी लक्ष्मीबाई चौक, गंदगी और शराबियों के जमावड़े से लोगों में आक्रोश
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि चौक की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए और शराबियों के जमावड़े पर तत्काल रोक लगाई जाए।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। शहर की आन-बान और पहचान माने जाने वाले रानी लक्ष्मीबाई चौक की स्थिति दिनोंदिन बदहाल होती जा रही है। चौक के आसपास फैली गंदगी, अव्यवस्था और नियमित साफ-सफाई के अभाव को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नगर पालिका परिषद की लापरवाही के चलते चौक पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जगह-जगह कूड़े के ढेर और फैली गंदगी से क्षेत्र में बदबू का माहौल बना हुआ है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि शाम होते ही चौक के आसपास शराबियों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। इससे महिलाओं, व्यापारियों और राहगीरों को असुरक्षा और असुविधा का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि चौक की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए और शराबियों के जमावड़े पर तत्काल रोक लगाई जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अब देखना यह होगा कि खबर सामने आने के बाद नगर पालिका प्रशासन सक्रिय होता है या शहर का प्रमुख चौक यूं ही गंदगी और अव्यवस्था का शिकार बना रहेगा।


