नेशनल हाईवे पर रीलबाजों की खतरनाक स्टंटबाजी, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
सोशल मीडिया पर रील बनाने के शौक में यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते दिखे। नेशनल हाईवे जैसी व्यस्त सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी से किसी भी समय गंभीर सड़क दुर्घटना हो सकती थी,
औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
औरैया/जनमत न्यूज़। जनपद औरैया के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर कार सवार युवकों द्वारा की गई खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक चलती कार के ऊपर और दरवाजों से लटककर जानलेवा स्टंट करते हुए नजर आ रहे हैं, जिससे न केवल उनकी जान जोखिम में पड़ रही है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों और वाहनों के लिए भी बड़ा खतरा उत्पन्न हो गया है।
बताया जा रहा है कि ये युवक सोशल मीडिया पर रील बनाने के शौक में यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते दिखे। नेशनल हाईवे जैसी व्यस्त सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी से किसी भी समय गंभीर सड़क दुर्घटना हो सकती थी, लेकिन इसके बावजूद रीलबाजों में कानून का कोई भय दिखाई नहीं दे रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जनपद में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, बावजूद इसके संबंधित विभाग और पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई न किए जाने से ऐसे युवकों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। वायरल वीडियो अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक इस तरह की लापरवाही को नजरअंदाज किया जाएगा।
वीडियो सामने आने के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि पुलिस मामले का संज्ञान लेकर रीलबाज युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की खतरनाक हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।

Janmat News 
