बलरामपुर: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया 14 वर्षीय किशोर, मौके पर मौत; परिवार में मचा कोहराम

उप्र के बलरामपुर जनपद के महाराजगंज तराई थाना क्षेत्र के ग्राम परसिया गौरी में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई।

बलरामपुर: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया 14 वर्षीय किशोर, मौके पर मौत; परिवार में मचा कोहराम
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के महाराजगंज तराई थाना क्षेत्र के ग्राम परसिया गौरी में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिवार में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विजय वर्मा का बेटा सनी वर्मा (14) रविवार शाम करीब 4:30 बजे गांव के कंपोजिट विद्यालय परसिया गौरी के पास स्थित खलिहान में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पास में लगे एक बेर के पेड़ के करीब पहुंच गया।

इसी पेड़ के ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी। इसी दौरान वह अचानक लाइन की चपेट में आ गया और उसे तेज करंट लग गया। करंट लगते ही सनी जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

सनी कक्षा 6 का छात्र था और अपने माता-पिता का सबसे बड़ा बेटा था। बेटे की मौत से मां नीलम वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में सनी के अलावा दो बहनें विनीत (9), प्रिया (5) और एक छोटा भाई कृष्णा (2) हैं। छोटे भाई-बहन भी बड़े भाई की मौत से सदमे में हैं।

इस मामले में विद्युत विभाग के जेई राम सागर ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित लाइनमैन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।