कौशांबी में शांतिपूर्ण माहौल में अदा हुई बकरीद की नमाज, अमन-चैन और तरक्की की मांगी दुआ

प्रशासन द्वारा जिले को 4 सुपर जोन और 39 सेक्टर में विभाजित कर भारी पुलिस बल एवं पीएसी की तैनाती की गई थी।

कौशांबी में शांतिपूर्ण माहौल में अदा हुई बकरीद की नमाज, अमन-चैन और तरक्की की मांगी दुआ
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

कौशाम्बी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट —

कौशांबी/जनमत न्यूज। जनपद में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार शनिवार को पूरी श्रद्धा, उल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। जिले की ईदगाहों और मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजियों ने ईद की नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।

जिले की 84 ईदगाहों और 282 मस्जिदों में बकरीद की नमाज अदा की गई। सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ ईदगाहों और मस्जिदों में जुटनी शुरू हो गई थी। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

त्योहार को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। प्रशासन द्वारा जिले को 4 सुपर जोन और 39 सेक्टर में विभाजित कर भारी पुलिस बल एवं पीएसी की तैनाती की गई थी। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी गई तथा अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया जाता रहा।

प्रशासन की ओर से लोगों से शांति, सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील भी की गई। पूरे जिले में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।