डीएम-एसपी की अगुवाई में बलिया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा शहर

उप्र के बलिया जनपद में हर घर तिरंगा अभियान- 2026 के तहत मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

डीएम-एसपी की अगुवाई में बलिया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा शहर
Published By- Diwaker Mishra

बलिया से गणेश तिवारी की रिपोर्ट

बलिया/जनमत न्यूज़। उप्र के बलिया जनपद में हर घर तिरंगा अभियान- 2026 के तहत मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। वीर लोरिक स्टेडियम से जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने तिरंगा यात्रा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में एक हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

तिरंगा यात्रा वीर लोरिक स्टेडियम से शुरू होकर कुंवर सिंह चौराहा, टीडी कॉलेज चौराहा, ओवरब्रिज, विशुनीपुर चौराहा होते हुए शहीद पार्क पहुंची। यहां राष्ट्रगान 'जन गण मन अधिनायक जय हे, भारत भाग्य विधाता' के गायन के साथ रैली का समापन हुआ।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान-2026 को 09 अगस्त से 17 अगस्त तक गौरव और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों में तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभावना को मजबूत करना है।

उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम जनपद मुख्यालय के साथ-साथ तहसील, ब्लॉक और ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर भी आयोजित किया जा रहा है। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर रैली में शामिल हुए।

दोनों अधिकारियों ने सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर प्रतिभागियों का उत्साह भी बढ़ाया। अधिकारियों ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों और पुलिसकर्मियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे यात्रा मार्ग पर देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगों से माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना रहा। रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और पूरे मार्ग पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

तिरंगा यात्रा में एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, डीडीओ आनंद प्रकाश, सीआरओ गुलशन जी एवं जिले के सभी जिला स्तरीय अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र- छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, पुलिसकर्मी समेत बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।