फतेहपुर: निर्माणाधीन मानक विहीन सड़क पर भाजपा विधायक नाराज़, जताई भ्रष्टाचार की आशंका
उप्र के फतेहपुर जनपद के खागा विधानसभा क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य पर सवाल खड़े हो गए हैं।
फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद के खागा विधानसभा क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। भाजपा विधायक कृष्णा पासवान ने अहिमापुर से रतनपुर मार्ग का निरीक्षण कर फावड़े से सड़क उखाड़ कर गुणवत्ता की जांच की।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने दावा किया कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी करके केवल डामर और गिट्टी बिछाकर रोलर चला दिया गया है। करीब 37 लाख 99 हजार रुपए की लागत से बन रही 22 मीटर की सड़क को लेकर उन्होंने भ्रष्टाचार की आशंका जताई है।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर जांच और कार्यवाही की मांग की है। मामला खागा विधानसभा क्षेत्र का है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस मामले में भाजपा से खागा विधानसभा क्षेत्र की विधायक का कृष्णा पासवान का कहना है कि मैं किसी कार्यक्रम में जा रही थी। वहां पर निर्माणाधीन सड़क को देखा और स्वयं फावड़ा लेकर उसमें चलाया तो डामर और गिट्टी के पपड़े निकाल रहे थे। जिस पर वहां से तत्काल अधिकारियों को फोन करके मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की हिदायत दी।

Janmat News 
