प्रतापगढ़ में बकरी चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार; एक बकरा नकदी व बाइक बरामद

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बकरी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्रतापगढ़ में बकरी चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार; एक बकरा नकदी व बाइक बरामद
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बकरी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक जीवित बकरा, 7,200 नकद और वारदात में प्रयुक्त सफेद अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को महिमापुर मोड़ के पास बकरी चरा रहे व्यक्ति की एक बकरी दो अज्ञात लोग चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर थाना लालगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सरयू इंटर कॉलेज के पास काली माता मंदिर के निकट नहर रोड पर घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर बकरे के साथ भागने का प्रयास कर रहे तीन लोगों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश वर्मा उर्फ कल्लू (22), मोहन कोरी (40) और रवि गौतम (26) के रूप में हुई है। वादी ने बरामद बकरे की पहचान अपने चोरी हुए बकरे के रूप में की।

पूछताछ में 9 बकरियों की चोरी का भी खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तीनों मिलकर बकरी चोरी करते थे और चोरी की बकरियों को अलग-अलग स्थानों पर बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। आरोपियों ने 22 अगस्त की रात ग्राम सराय जगत सिंह में एक घर से 9 बकरियां चोरी करने की बात भी स्वीकार की। इस मामले में थाना लालगंज में अलग मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की बकरियां बेचकर प्राप्त 7,200 नकद भी बरामद किए हैं। बरामद अपाचे मोटरसाइकिल का इस्तेमाल बकरी चोरी की घटनाओं में किए जाने की बात भी पुलिस पूछताछ में सामने आई है।

पुलिस ने दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।