हरदोई: झाड़-फूंक कर रहे तांत्रिक ने किशोरी की गर्दन पर रगड़ा गंडासा, चोटी पकड़कर पीटा; वीडियो वायरल

उप्र के हरदोई जनपद के पचदेवरा थाना क्षेत्र के नई बस्ती गांव में झाड़-फूंक के नाम पर एक नाबालिग किशोरी के साथ चोटी पकड़कर मारपीट और गले पर गड़ासा रगड़ने का मामला सामने आया है।

हरदोई: झाड़-फूंक कर रहे तांत्रिक ने किशोरी की गर्दन पर रगड़ा गंडासा, चोटी पकड़कर पीटा; वीडियो वायरल
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के पचदेवरा थाना क्षेत्र के नई बस्ती गांव में झाड़-फूंक के नाम पर एक नाबालिग किशोरी के साथ चोटी पकड़कर मारपीट और गले पर गड़ासा रगड़ने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस जांच पड़ताल कर कार्यवाई में जुटी हुई है।

वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि पचदेवरा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला अपनी करीब 13 वर्षीय बेटी को बीती 1 अप्रैल को नई बस्ती गांव में तांत्रिक परमेश्वरदीन शर्मा के पास झाड़-फूंक के लिए ले गई थी। आरोप है कि पुजारी ने महिला को अलग कर दिया और किशोरी के साथ झाड़-फूंक के दौरान बेरहमी से मारपीट की।

पीड़िता की मां ने जो तहरीर पुलिस को दी है उसके मुताबिक जब बच्ची ने शोर मचाया और वह उसे बचाने पहुंची तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। 

घटना में किशोरी को चोटें आई हैं। मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। 

वायरल वीडियो में कथित तांत्रिक चोटी पकड़कर किशोरी के साथ मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा है और उसके गले पर धारदार गंडासा रगड कर झाड़-फूंक करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है, वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया जाएगा।

सीओ ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो चल रहा है जिसमे यह देखा जा रहा है की तथा कथित झाड़ फूंक करने वाला एक व्यक्ति एक बच्ची के साथ मारपीट कर रहा है।

इस मामले में 2 अप्रैल 2026 को सुसंगत धाराओं के अधीन अभियोग पंजीकृत किया जा चुका है। नामजद आरोपी परमेश्वरदीन पुजारी उनके लड़के संजेस और मंजेश तीनों नई बस्ती गांव थाना पचदेवरा के रहने वाले हैं  आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।