हरदोई: पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल की साजिश नाकाम, मोबाइल और पुराने प्रश्नपत्र के साथ अभ्यर्थी गिरफ्तार

उप्र के हरदोई जनपद में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए की गई कड़ी निगरानी के दौरान थाना कोतवाली शहर पुलिस ने एक अभ्यर्थी को नकल की तैयारी करते हुए गिरफ्तार किया है।

हरदोई: पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल की साजिश नाकाम, मोबाइल और पुराने प्रश्नपत्र के साथ अभ्यर्थी गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए की गई कड़ी निगरानी के दौरान थाना कोतवाली शहर पुलिस ने एक अभ्यर्थी को नकल की तैयारी करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से छिपाकर रखा गया मोबाइल फोन तथा पूर्व की प्रतियोगी परीक्षा का प्रश्नपत्र बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, वेणी माधव विद्यापीठ इंटर कॉलेज, हरदोई में आयोजित यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 की प्रथम पाली के दौरान आगरा जनपद के थाना डौकी क्षेत्र के कुण्डौल निवासी रोहित पथौरी पुत्र प्रेमवीर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 8 जून को परीक्षा की द्वितीय पाली समाप्त होने के बाद उसने अपना पहचान पत्र कॉलेज परिसर में छूट जाने का बहाना बनाकर दोबारा प्रवेश किया था। इस दौरान उसने गेट के पास स्थित वाटर कूलर के निकट एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और पुराने प्रतियोगी परीक्षा का प्रश्नपत्र छिपा दिया था।

अगले दिन 9 जून को प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान आरोपी ने चेकिंग के बाद मोबाइल फोन को बाथरूम में छिपा दिया तथा पुराना प्रश्नपत्र परीक्षा कक्ष में ले गया।

परीक्षा के दौरान वह पुराने प्रश्नपत्र को कक्ष में छोड़कर यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लेकर बाथरूम की ओर बढ़ रहा था, जहां उसने नकल करने के उद्देश्य से मोबाइल फोन छिपाया था।

बाथरूम के निकट तैनात पुलिसकर्मियों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उसके पास से यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 का प्रश्नपत्र बरामद हुआ। आरोपी की निशानदेही पर बाथरूम में छिपाया गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।

इस मामले में कक्ष निरीक्षक की लापरवाही भी सामने आई है। उनके कर्तव्यों के प्रति उदासीनता के संबंध में जिलाधिकारी हरदोई को रिपोर्ट भेजी गई है।