बहराइच में फिर गरजा बुलडोजर, अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन
अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई लगातार जारी रही।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट —
बहराइच/जनमत न्यूज। शहर में लगातार लग रहे जाम और सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क कब्जा मुक्त कराने के उद्देश्य से नगर पालिका द्वारा व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
नगर पालिका की ईओ प्रतिमा सिंह स्वयं बुलडोजर लेकर सड़क पर उतरीं। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में घंटाघर मार्केट, अस्पताल चौराहा और रोडवेज क्षेत्र में अभियान चलाकर सड़क तक फैलाई गई दुकानों, काउंटर, टीनशेड और अन्य अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया।
अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई लगातार जारी रही। मौके पर उत्तर प्रदेश पुलिस के एसपी सिटी, सीओ सिटी, सीओ ट्रैफिक समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटाने को लेकर पहले भी कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी और जुर्माना भी लगाया गया था, लेकिन इसके बावजूद सड़क पर कब्जे की स्थिति बनी रही। अब प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़क पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी बुलडोजर कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के बाद शहर की मुख्य सड़कों पर जाम से कुछ राहत जरूर देखने को मिली है। हालांकि स्थानीय लोगों के बीच अब यह सवाल बना हुआ है कि यह राहत स्थायी साबित होगी या फिर कुछ दिनों बाद दोबारा अतिक्रमण की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी।

Janmat News 
