रास्ते के विवाद में हिस्ट्रीशीटर ने की खुलेआम फायरिंग, गांव में फैली दहशत
एसपी सिटी अभिषेक कुमार अजेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग करने वाले व्यक्ति हिस्ट्रीशीटर प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है,
बुलन्दशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट —
बुलंदशहर / जनमत न्यूज। जनपद बुलंदशहर के थाना खानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माधवगढ़ में रास्ते के मामूली विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद एक पक्ष द्वारा खुलेआम हवाई फायरिंग कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया और ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया।
बताया जा रहा है कि गांव में रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष को डराने और दबाव बनाने के उद्देश्य से हवा में कई राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना का वीडियो किसी ग्रामीण द्वारा मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
मामले पर जानकारी देते हुए एसपी सिटी अभिषेक कुमार अजेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग करने वाले व्यक्ति हिस्ट्रीशीटर प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं वायरल वीडियो के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि खुलेआम फायरिंग की इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


