मुजफ्फरनगर में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, चार गिरफ्तार

थाना सिविल लाइन पुलिस को क्षेत्र में अवैध शस्त्र फैक्ट्री संचालित होने की सटीक सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संधावली कट के पास छापेमारी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने खुद को घिरता देख टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

मुजफ्फरनगर में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, चार गिरफ्तार
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। जनपद में अपराधियों और अवैध धंधेबाजों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संधावली कट के पास संचालित एक अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए मुठभेड़ के बाद चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार थाना सिविल लाइन पुलिस को क्षेत्र में अवैध शस्त्र फैक्ट्री संचालित होने की सटीक सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संधावली कट के पास छापेमारी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने खुद को घिरता देख टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि भागने का प्रयास कर रहे उनके दो अन्य साथियों को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में बने और अधबने अवैध तमंचे, कारतूस तथा हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा अपराध में प्रयुक्त एक स्कूटी भी जब्त की गई है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्षेत्राधिकारी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि थाना सिविल लाइन पुलिस ने संधावली कट के पास चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश घायल हुए हैं और कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार एवं निर्माण उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।