प्रतापगढ़ के जीआईसी मैदान में 1155 जोड़े लेंगे सात फेरे, चार चरणों में होगा सामूहिक विवाह समारोह
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 1155 जोड़ों के विवाह की तैयारी तेज हो गई है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 1155 जोड़ों के विवाह की तैयारी तेज हो गई है। शहर के जीआईसी मैदान में आयोजित होने वाले इस समारोह में वर-वधू एक ही मंडप में परिणय सूत्र में बंधेंगे। समाज कल्याण विभाग की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह चार चरणों में आयोजित होगा। पहले चरण में 3 नवंबर को 310 जोड़ों का विवाह होगा, जिसमें कालाकांकर, कुंडा, लक्ष्मणपुर, संडवा चंद्रिका और मंगरौरा ब्लॉक के जोड़े शामिल होंगे।
दूसरे चरण में 6 नवंबर को बाबागंज, बिहार, सदर, मांधाता, रामपुर और संग्रामगढ़ ब्लॉक के 310 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। तीसरे चरण में 16 नवंबर को आसपुर देवसरा, बाबा बेलखरनाथ धाम, शिवगढ़ और लालगंज क्षेत्र के 248 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे।
चौथे और अंतिम चरण में 19 नवंबर को पट्टी, गौरा, सांगीपुर तथा सभी नगर पंचायतों के कुल 287 जोड़ों का विवाह संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना है।



