शाहजहांपुर: पेड़ों की कटाई बनी मासूम की मौत की वजह, टूटकर गिरे बिजली के पोल; बच्ची की दर्दनाक मौत
उप्र के शाहजहांपुर जनपद से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। जनपद के थाना मदनापुर क्षेत्र के बंधा गांव में आम के पेड़ों की कटाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
शाहजहांपुर से राजीव कुमार शुक्ला की रिपोर्ट
शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। जनपद के थाना मदनापुर क्षेत्र के बंधा गांव में आम के पेड़ों की कटाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि पेड़ बिजली की चालू लाइन पर गिर गया, जिससे एक साथ पांच बिजली के खंभे टूटकर नीचे आ गिरे। इसी दौरान खेत की तरफ जा रही सात वर्षीय मासूम बच्ची प्रतीक्षा बिजली के पोल के नीचे दब गई। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
मासूम की मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। आखिर पेड़ों की कटाई के दौरान सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए गए
मामला शाहजहांपुर के मदनापुर थाना क्षेत्र के बंधा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी मनोज कुमार की सात वर्षीय बेटी प्रतीक्षा सोमवार को शौच के लिए खेत की तरफ जा रही थी। इसी दौरान गांव के ही विजय कुमार के बाग में आम के पेड़ों की कटाई का काम चल रहा था।
बताया जा रहा है कि पेड़ की कटाई के दौरान एक पेड़ बिजली की चालू लाइन पर जा गिरा। पेड़ का वजन पड़ते ही बिजली के पांच खंभे टूटकर नीचे गिर गए। दुर्भाग्य से इसी दौरान वहां से गुजर रही मासूम प्रतीक्षा इन खंभों की चपेट में आ गई और नीचे दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय वहां दो बच्चे मौजूद बताए जा रहे हैं। इनमें से एक बच्चा किसी तरह बचकर निकल गया, लेकिन प्रतीक्षा की जान नहीं बच सकी। हादसे की सूचना मिलते ही मदनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



