मुजफ्फरनगर में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़; एक गिरफ्तार, हिरासत में बाल अपचारी, करीब ₹10 लाख के पटाखे बरामद

प्र के मुजफ्फरनगर जनपद के मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव मुझेडा में पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

मुजफ्फरनगर में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़; एक गिरफ्तार, हिरासत में बाल अपचारी, करीब ₹10 लाख के पटाखे बरामद
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव मुझेडा में पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार नवनिर्माणाधीन घेर के अंदर अवैध रूप से पटाखे तैयार किए जा रहे थे। सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर मौके से भारी मात्रा में बने और अधबने पटाखे तथा पटाखे बनाने की सामग्री व उपकरण बरामद किए।

बरामदगी में 6 बोरों में करीब 90 किलो और 6 कार्टून में करीब 171 किलो पटाखे, जबकि एक कार्टून में 33 पैकेट पटाखे मिले हैं। इसके अलावा पटाखे बनाने की सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद माल की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान समून पुत्र अनवर निवासी मोहल्ला मुश्तर्क, मीरापुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता के नाम पहले पटाखे बनाने का लाइसेंस था, जिसे कई वर्ष पहले निरस्त कर दिया गया था।

दीपावली को देखते हुए वह कथित तौर पर साथियों के साथ मिलकर अवैध रूप से पटाखे तैयार कर रहा था। पुलिस ने थाना मीरापुर में मु0अ0सं0 162/26, धारा 288, 125 बीएनएस और 5/9बी विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।