औरैया: लगातार बारिश से इंटर कॉलेज जलमग्न, तीन फीट तक भरा पानी; आवागमन प्रभावित
उप्र के औरैया जनपद के बेला क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते बेला-तिर्वा रोड स्थित कुंवर हनुमत सिंह इंटर कॉलेज का परिसर जलमग्न हो गया।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के बेला क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते बेला-तिर्वा रोड स्थित कुंवर हनुमत सिंह इंटर कॉलेज का परिसर जलमग्न हो गया। कॉलेज परिसर में करीब तीन फीट तक पानी भर जाने से विद्यार्थियों और कर्मचारियों के आवागमन में परेशानी हो रही है।
कॉलेज के प्रधानाचार्य नरेंद्र बहादुर सिंह यादव ने बताया कि दो-तीन दिन पहले ही पंपिंग सेट लगवाकर विद्यालय परिसर से पानी निकलवाया गया था। इसके बाद लगातार बारिश होने से दोबारा पूरे परिसर में पानी भर गया। वर्तमान में विद्यालय के चारों तरफ जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि परिसर में पानी अधिक होने के कारण विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश जारी रहने से जलभराव की समस्या और बढ़ने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष बारिश के दौरान विद्यालय परिसर में इसी तरह जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। कई बार पानी निकलवाने की व्यवस्था करनी पड़ती है।
प्रधानाचार्य का कहना है कि जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था के संबंध में प्रशासन की ओर से अब तक कोई समुचित आश्वासन नहीं मिला है। उन्होंने विद्यालय परिसर से पानी की निकासी के लिए स्थायी समाधान की आवश्यकता जताई है।



