हरदोई में मंत्री रजनी तिवारी का तीखा वार, कहा- ‘पंडित’ सवाल ‘साजिश’; गंगा में इफ्तार पर सख्त ऐतराज
उप्र के हरदोई जनपद के गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने मीडिया से बातचीत में कई विवादित मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने मीडिया से बातचीत में कई विवादित मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
यूपी के सरकारी स्कूल की परीक्षा में पूछे गए सवाल- “वह कौन है जो बिना पैर के दूर तक जाता है, साक्षर है लेकिन पंडित नहीं है?”, पर उठे विवाद को लेकर उन्होंने कहा, “देखिए, हमने आपको बताया कि हर जगह कुछ लोग ऐसे होते हैं जो सोचते हैं कि सरकार के प्रति लोगों का विश्वास दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है।
सरकार ने अपनी नीतियों और योजनाओं के जरिए पूरे प्रदेश के दिल में अपना स्थान बना लिया है। ऐसे में कुछ लोग यह कोशिश करते हैं कि किसी तरह सरकार के प्रति नकारात्मकता फैलाई जाए।
जहां-जहां ऐसे प्रश्न सामने आते हैं, उस कमेटी में कुछ लोग ऐसे जरूर होंगे जिनकी सोच सरकार के प्रति अच्छी नहीं होगी। उन्होंने ही ऐसा किया है और जांच के बाद उनके ऊपर कार्रवाई की जाएगी।
वाराणसी में गंगा नदी में नाव पर इफ्तार पार्टी और कथित रूप से हड्डियां फेंकने के मामले पर मंत्री ने सख्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “जैसा आप बता रहे हैं कि गंगा जी पर नाव पर बैठकर इफ्तार पार्टी की गई और हड्डियां भी वहां फेंकी गईं, तो यह कहां तक उचित है?
कोई भी व्यक्ति, चाहे वह किसी भी धर्म का हो, यह समझ सकता है कि यह सही नहीं है। हर चीज के लिए एक निर्धारित स्थान और तरीका होता है। उसी के अनुसार कार्य होना चाहिए। गंगा जी में इस तरह की गतिविधियां करना कहीं से भी उचित नहीं है।”
फिल्मी गानों में बढ़ती अश्लीलता, खासकर नोरा फतेही और संजय दत्त के गाने को लेकर उठे सवाल पर उन्होंने कहा, “देखिए, अश्लीलता को कहीं भी बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। हम सब परिवार के साथ फिल्में देखते हैं और अगर उसमें कुछ भी आपत्तिजनक होता है तो उसे हटाया जाना चाहिए।
मैंने खुद वह गाना नहीं देखा है, लेकिन अगर आप कह रहे हैं कि उसमें कुछ गलत है तो निश्चित तौर पर वह उचित नहीं है और उस पर कार्रवाई होनी चाहिए।”
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश सरकार ने जनता के जनादेश के बाद जो कार्य किए हैं, उसके सफलतम नौ वर्ष पूरे हुए हैं।
इन्हीं उपलब्धियों को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जो नौ दिनों तक चलेगा। पूरे प्रदेश के साथ-साथ हरदोई में भी इसका आयोजन हुआ है।
प्रदेश में जिस तरह से खुशहाली आई है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जो वादे किए थे, उसी अनुरूप काम किया है। डबल इंजन की सरकार ने अपने नौ वर्ष सफलतापूर्वक पूरे किए हैं।”
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई और उन्हें लाभान्वित करने का प्रयास किया।

Janmat News 
