रुपईडीहा में मदरसा संचालक पर छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
मदरसे में पढ़ने वाली छात्रा ने उसी मदरसे के संचालक पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट —
बहराइच/जनमत न्यूज। भारत–नेपाल सीमा पर स्थित रुपईडीहा क्षेत्र से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मदरसे में पढ़ने वाली छात्रा ने उसी मदरसे के संचालक पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मदरसा संचालक को गिरफ्तार कर लिया है तथा पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता (नाम परिवर्तित) रुपईडीहा के पास रंजितबोझा गांव में स्थित मदरसा दारुल उलूम गुलशने सैय्यद महबूब अशरफ में तालीम हासिल कर रही थी। छात्रा ने अपने परिजनों और पुलिस को बताया कि बीते 12 दिसंबर, शुक्रवार को मदरसा संचालक सलमान ने उसे मदरसे में झाड़ू लगाने के बहाने बुलाया। आरोप है कि छात्रा के मदरसे में पहुंचने पर संचालक ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद आरोपी ने छात्रा को जान से मारने की धमकी दी और किसी को भी इस बारे में बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इसी डर के कारण छात्रा कुछ दिनों तक चुप रही। करीब एक सप्ताह बाद उसने साहस जुटाकर पूरी घटना अपनी मां को बताई, जिसके बाद मां की तहरीर पर पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया गया।
मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर मदरसा संचालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की विधिक जांच पड़ताल की जा रही है।


