चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —
चंदौली/जनमत न्यूज। जनपद चंदौली में अलसुबह एक भीषण सड़क हादसे में टेंपो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत बगही कुंभापुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नौबतपुर की ओर से वाराणसी के मिर्जामुराद जा रहा एक टेंपो हाईवे पर पहले से खड़े एक अज्ञात वाहन से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सैयदराजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही एनएचएआई हेल्पलाइन की टीम ने भी राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
घायलों में दो छोटे मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण टेंपो चालक को झपकी आना बताया जा रहा है, जिससे वाहन पर नियंत्रण खो गया और यह दुर्घटना हो गई।
पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।