घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा गया मत्स्य पालन अधिकारी, विजिलेंस टीम ने किया गिरफ्तार
आरोपी अधिकारी अपने दफ्तर में बैठकर घूस की रकम ले रहा था, तभी विजिलेंस की टीम ने अचानक छापा मारकर उसे मौके पर पकड़ लिया।
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। जिले के विकास भवन स्थित मत्स्य पालन विकास अभिकरण कार्यालय में तैनात अधिकारी विकास कुमार दीपांकर को विजिलेंस टीम प्रयागराज ने घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। अधिकारी को फाइल पास करने के नाम पर 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी अपने दफ्तर में बैठकर घूस की रकम ले रहा था, तभी विजिलेंस की टीम ने अचानक छापा मारकर उसे मौके पर पकड़ लिया। टीम ने बरामद राशि के साथ उसे हिरासत में लेकर प्रयागराज रवाना कर दिया, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई से विकास भवन परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारी और अधिकारी वर्ग में पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही यह गिरफ्तारी। सूत्रों के मुताबिक, शिकायतकर्ता की सूचना पर विजिलेंस टीम ने पहले से ही जाल बिछाया था, जिसके तहत यह कार्रवाई सफल रही।


