पाकिस्तान कर रहा भारत में आतंकी हमले की प्लानिंग? हमास और लश्कर कमांडरों के बीच हुई सीक्रेट मीटिंग

पाकिस्तान अब हमास और लश्कर-ए-तैयबा (L-e-T) जैसे संगठनों के बीच नए रिश्तों का गवाह बन रहा है।

पाकिस्तान कर रहा भारत में आतंकी हमले की प्लानिंग? हमास और लश्कर कमांडरों के बीच हुई सीक्रेट मीटिंग
Published By- Diwaker Mishra

इस्लामाबाद/जनमत न्यूज़। पाकिस्तान अब हमास और लश्कर-ए-तैयबा (L-e-T) जैसे संगठनों के बीच नए रिश्तों का गवाह बन रहा है। हाल ही में एक वीडियो सामने आने से पता चला है कि हमास के सीनियर कमांडर नजी जहीर और L-e-T के कमांडर राशिद अली संधू ने पाकिस्तान के गुजरांवाला शहर में मुलाकात की है।

यह मीटिंग पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) के एक कार्यक्रम में हुई। ये लश्कर-ए-तैयबा का राजनीतिक चेहरा माना जाता है। नजी जहीर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुआ, जबकि संधू PMML के नेता के रूप में मौजूद था।

हमास लीडर का पाकिस्तान कनेक्शन

नजी जहीर वही हमास नेता है, जिसने फरवरी 2025 में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) का दौरा किया था। यह दौरा पहलगाम आतंकी हमले से ठीक कुछ हफ्ते पहले हुआ है। इस जगह ही उसने लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के कमांडरों के साथ मिलकर भारत विरोधी रैली को संबोधित किया।

उसके पाकिस्तान से रिश्ते काफी पुराने हैं। जनवरी 2024 में उसने कराची का दौरा किया और वहां कराची प्रेस क्लब में मीडिया से बात की। अप्रैल 2024 में वह इस्लामाबाद पहुंचा था। जहां इस्लामाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन ने उसका सम्मान किया था।

कई बार किया पाकिस्तान का दौरा

7 अक्टूबर 2023 के इजरायल हमले के ठीक एक हफ्ते बाद, 14 अक्टूबर को जहीर पाकिस्तान पहुंचा और देश की सबसे बड़ी इस्लामिस्ट पार्टी जमीअत उलेमा-ए-इस्लाम के प्रमुख मौलाना फजल-उर-रहमान से मिला। उसी दिन उसने पेशावर में मुफ्ती महमूद सम्मेलन को संबोधित किया, जहां खालिद मशाल वीडियो लिंक से जुड़ा था।

इसके बाद वह 29 अक्टूबर 2023 को बलूचिस्तान के क्वेटा में "अल-अक्सा स्टॉर्म" सम्मेलन में शामिल हुआ। नवंबर 2023 में कराची के 'तूफान-ए-अक्सा' सम्मेलन में वह फिर दिखा। इन सभी घटनाओं से साफ है कि हमास के नेता पाकिस्तान में खुलेआम घूम रहे हैं और स्थानीय आतंकी नेटवर्क से जुड़ रहे हैं।