कन्नौज में महिला हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत आरोपी गिरफ्तार
आरोपी कर्ज से परेशान था और आर्थिक मदद के लिए उसने अपने परिवार से सहायता मांगी थी, लेकिन मदद नहीं मिलने पर उसने वारदात की योजना बनाई।
कन्नौज से अश्वनी पाठक की रिपोर्ट —
कन्नौज/जनमत न्यूज। कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बनवारी नगर में सराफा व्यापारी की पत्नी की निर्मम हत्या एवं लूटपाट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व बनवारी नगर में एक सराफा व्यापारी की पत्नी की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। जब पति और बेटा घर लौटे तो घर का गेट खुला मिला और कमरे में महिला का शव बेड पर पड़ा था। मृतका के चेहरे एवं गर्दन पर चोट के निशान पाए गए थे तथा उनके पहने हुए जेवरात भी गायब थे। घटना के बाद पुलिस ने हत्या एवं लूट का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह लगभग 4:55 बजे संदिग्ध आरोपी की पुलिस टीम से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम सानू उर्फ संतू निवासी अलीगढ़ बताया। आरोपी वर्तमान में छिबरामऊ स्थित अपनी ननिहाल में रह रहा था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कर्ज से परेशान था और आर्थिक मदद के लिए उसने अपने परिवार से सहायता मांगी थी, लेकिन मदद नहीं मिलने पर उसने वारदात की योजना बनाई। आरोपी ने पेंट करने के बहाने घर में प्रवेश किया, पहले लूटपाट की और बाद में महिला की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से संबंधित साक्ष्य बरामद कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई की चर्चा हो रही है।

Janmat News 
