कुशीनगर: पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत, अगले महीने होनी थी शादी; साथी गंभीर घायल

उप्र के कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र में पड़रौना-दुदही मार्ग पर बंगाली पट्टी-देवीपुर पुल के पास गुरुवार को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

कुशीनगर: पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत, अगले महीने होनी थी शादी; साथी गंभीर घायल
Published By- Diwaker Mishra

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट

कुशीनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र में पड़रौना-दुदही मार्ग पर बंगाली पट्टी-देवीपुर पुल के पास गुरुवार को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के बरहज गांव निवासी 25 वर्षीय इनायत अंसारी पुत्र मुंशफ अंसारी अपने 22 वर्षीय साथी इमरान अंसारी के साथ अपाची बाइक से रिश्ते की बुआ की बेटी के घर बिहार के रेड़हा से सामान पहुंचाकर वापस घर लौट रहे थे।

इसी दौरान विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बंगाली पट्टी-देवीपुर पुल के पास सामने से आ रहे अज्ञात पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

इनायत अंसारी के सिर में गंभीर चोट लगने से काफी रक्तस्राव हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें निजी कार से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

वहीं बाइक पर पीछे बैठे इमरान अंसारी का बायां पैर गंभीर रूप से टूट गया। उनके चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई हैं। उनका कुशीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है।

अगले महीने होनी थी शादी

परिजनों के अनुसार, इनायत अंसारी की अगले महीने शादी होने वाली थी। हादसे में उनकी मौत की खबर सुनकर होने वाले ससुराल पक्ष में भी मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इनायत अपने परिवार के सबसे बड़े बेटे थे। उनके पीछे दो छोटे भाई और दो छोटी बहनें हैं। पिता सूरत में रहकर काम करते हैं और परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे की जानकारी मिलने पर इनायत के दोस्त अजीमुद्दीन समेत गांव के दर्जनों लोग कुशीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत की खबर सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

अस्पताल में रविंद्रनगर धूस थाने पर तैनात उपनिरीक्षक विनायक यादव अपने सहयोगियों के साथ पहुंचे और घायल इमरान को तत्काल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। पुलिस हादसे के बाद फरार पिकअप और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

विशुनपुरा थानाध्यक्ष शनि जावला ने बताया कि दो बाइक सवार का पिकअप से दुर्घटना हुआ जिसमें एक कि मौत हो गई दूसरे को इलाज करवाया जा रहा हैं। मृतक इनायत के शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया चल रहीं हैं।