शराब की लत से युवक की आत्महत्या के बाद भड़का आक्रोश

सीओ प्रताप सिंह चौहान ने लोगों को आश्वासन दिया कि अवैध शराब बिक्री के आरोपों की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शराब की लत से युवक की आत्महत्या के बाद भड़का आक्रोश
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

बुलन्दशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट —

बुलंदशहर/जनमत न्यूज। जनपद बुलंदशहर की जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अंबेडकर बस्ती में शराब की लत से एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया। घटना से आक्रोशित सैकड़ों स्थानीय लोगों ने नई बस्ती के मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे घंटों यातायात बाधित रहा।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अंबेडकर बस्ती निवासी दामोदर नामक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचकर क्षेत्र के युवकों को नशे की लत का शिकार बना रहा था। परिजनों और महिलाओं का कहना है कि मृतक युवक भी इसी अवैध शराब बिक्री के कारण नशे की गिरफ्त में आया था, जिससे पारिवारिक कलह बढ़ी और अंततः उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपी दामोदर अवैध रूप से शराब की बिक्री करता है और बदले में घर का सामान, कपड़े, अनाज आदि तक लेकर शराब उपलब्ध कराता था। इससे कई परिवारों का जीवन प्रभावित हो रहा है और बस्ती में सामाजिक माहौल खराब हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रदर्शनकारी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे और उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। इसके बाद क्षेत्राधिकारी अनूपशहर प्रताप सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से पूरी घटना की जानकारी ली।

सीओ प्रताप सिंह चौहान ने लोगों को आश्वासन दिया कि अवैध शराब बिक्री के आरोपों की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर दामोदर के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम समाप्त किया, तब जाकर यातायात सुचारु हो सका।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।