जमीन विवाद ने ली हिंसक रूप, संघर्ष में महिला की मौत, थाना प्रभारी निलंबित

जनपद के चन्दापुर थाना क्षेत्र के ज्योना गांव में लंबे समय से चल रहा जमीन विवाद शनिवार रात खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।

जमीन विवाद ने ली हिंसक रूप, संघर्ष में महिला की मौत, थाना प्रभारी निलंबित
REPORTED BY - MAHATAB KHAN, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

रायबरेली/जनमत न्यूज। जनपद के चन्दापुर थाना क्षेत्र के ज्योना गांव में लंबे समय से चल रहा जमीन विवाद शनिवार रात खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। जानकारी के मुताबिक गांव निवासी रवीन्द्र यादव और हौंसला पाल के बीच एक मकान को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। तहसील से हुई पैमाइश में जमीन रवीन्द्र यादव के नाम निकली, लेकिन इसके बावजूद शैलेंद्र सिंह ने वही विवादित मकान हौंसला पाल से खरीद लिया।

शनिवार रात शैलेंद्र सिंह और उनके पक्ष के लोगों ने रवीन्द्र यादव के परिवार पर हमला कर मारपीट की। रविवार सुबह रवीन्द्र यादव घर में काम कर रहा था, तभी फिर शैलेंद्र पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और दोनों पक्षों में जबरदस्त झड़प हो गई। संघर्ष के दौरान लाठी-डंडे चलने से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

इस हिंसक घटना में रवीन्द्र यादव की 28 वर्षीय बहू सुनीता यादव की गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इस प्रकरण में लापरवाही बरतने पर थाना प्रभारी प्रशांत द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स की तैनाती जारी है।