सीतापुर: चिकित्सक की लापरवाही से गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
उप्र के सीतापुर जनपद में गर्भ की सफाई के दौरान लापरवाही के चलते एक गर्भवती महिला की मौत हो जाने का मामला सामने आया है।
सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट
सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सीतापुर जनपद में गर्भ की सफाई के दौरान लापरवाही के चलते एक गर्भवती महिला की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने दोषी चिकित्सक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार जनपद के अटरिया कस्बा निवासी विवेक शुक्ला की पत्नी मानसी शुक्ला (उम्र 25 वर्ष) चार माह की गर्भवती थीं। 28 मार्च को अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें सीएचसी सिधौली ले जाया गया।
हालत गंभीर होने पर एक आशा कार्यकर्ता के कहने पर परिजन उन्हें डाक बंगला स्थित एक किंग अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज शुरू हुआ। परिजनों का आरोप है कि निजी अस्पताल में चिकित्सक ने गर्भ की सफाई (एबॉर्शन) कर दी। इस दौरान महिला की हालत और बिगड़ गई।
डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर बताते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। जब परिजन महिला को लेकर लखनऊ पहुंचे तो वहां के डॉक्टरों ने बताया कि गर्भ की सफाई के दौरान पेट में औजार लगने से संक्रमण पूरे शरीर में फैल गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतका के पति विवेक शुक्ला का आरोप है कि किंग अस्पताल के चिकित्सक की लापरवाही के कारण उनकी पत्नी की जान गई है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
