रायबरेली पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आज़ाद, राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी मामले की सीबीआई जांच की मांग
उप्र के रायबरेली में आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली में आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में कराई जानी चाहिए ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।
रायबरेली के सालोन क्षेत्र में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दलित युवक के परिजनों से मिलने पहुंचे चंद्रशेखर आज़ाद ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है।
उन्होंने SIT जांच पर भरोसा न जताते हुए कहा कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए सीबीआई जांच आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर चुनावी राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, पुलिस कर्मियों के लिए आठ घंटे की ड्यूटी, सभी के लिए मुफ्त शिक्षा, युवाओं को रोजगार और शराबबंदी जैसे मुद्दों को लेकर अपनी पार्टी की प्रतिबद्धता भी दोहराई।


