मिर्ज़ापुर: ग्रामीणों को तालाब में मिली बोरी, बरामद हुए 26 पासपोर्ट; जांच में जुटी पुलिस

उप्र के मिर्ज़ापुर जनपद के कछवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा मितई के तुलापुर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब तालाब में मछली पकड़ रहे ग्रामीणों को एक बोरी मिली।

मिर्ज़ापुर: ग्रामीणों को तालाब में मिली बोरी, बरामद हुए 26 पासपोर्ट; जांच में जुटी पुलिस
Published By- Diwaker Mishra

मिर्ज़ापुर से आनन्द तिवारी की रिपोर्ट

मिर्ज़ापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के मिर्ज़ापुर जनपद के कछवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा मितई के तुलापुर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब तालाब में मछली पकड़ रहे ग्रामीणों को एक बोरी मिली। बोरी खोलने पर उसमें कंकड़-पत्थरों के साथ कई पासपोर्ट बरामद हुए। ग्रामीणों के अनुसार, कुल 26 पासपोर्ट मिले हैं।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि लगभग एक सप्ताह पहले इसी इलाके से 4 अन्य पासपोर्ट भी मिले थे, जिन्हें ग्राम प्रधान के पास सुरक्षित रखा गया है। बताया जा रहा है कि बरामद पासपोर्टों में से एक पासपोर्ट इसी गांव के एक व्यक्ति का निकला। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ग्रामीणों से कहा कि अगले दिन सभी पासपोर्ट थाने पर जमा करा दिए जाएं मिर्जापुर से सटे अन्य जनपदो के भी पासपोर्ट बोरी से बरामद हुए फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।

हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद थाने से कोई अधिकारी या टीम पासपोर्ट लेने नहीं पहुंची। उनका कहना है कि यदि वे स्वयं थाने जाएंगे, तो दिहाड़ी मजदूरी करने वाले लोगों की एक दिन की रोजी-रोटी प्रभावित होगी।

ऐसे में ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब सूचना पुलिस को दे दी गई है, तो बरामद दस्तावेज़ लेने की जिम्मेदारी पुलिस स्वयं क्यों नहीं निभा रही। इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि आखिर इतने पासपोर्ट तालाब तक पहुंचे कैसे?