अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रही मैजिक ट्रक से टकराई, 17 घायल, 4 की हालत गंभीर

हादसे के बाद अंधेरे और अफरा-तफरी के बीच घायलों को वाहन से बाहर निकालना काफी मुश्किल रहा। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रही मैजिक ट्रक से टकराई, 17 घायल, 4 की हालत गंभीर
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —

चंदौली/जनमत न्यूज। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के अलीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर वाराणसी जा रही एक मैजिक वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में 17 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार सभी यात्री बिहार के भभुआ जनपद के भगवानपुर क्षेत्र के निवासी थे और शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे। देर रात करीब 1:30 बजे अलीनगर थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के समीप तेज रफ्तार मैजिक अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनएचएआई हेल्पलाइन टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद अंधेरे और अफरा-तफरी के बीच घायलों को वाहन से बाहर निकालना काफी मुश्किल रहा। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. अजय कुमार सिंह के अनुसार हादसे में कुल 17 लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें दो लोगों की हालत सामान्य है, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। कई लोगों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर होने की भी जानकारी मिली है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर ट्रक चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।

हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जो लोग अपने परिजन के अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे, वही अब अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। पुलिस ने घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।