मैनपुरी: गोली लगने से युवक की मौत, कमरे से तमंचा और कारतूस बरामद; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
उप्र के मैनपुरी जिले के बेवर कस्बे में शुक्रवार दोपहर गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
मैनपुरी से गौरव पाण्डेय की रिपोर्ट
मैनपुरी/जनमत न्यूज़। उप्र के मैनपुरी जिले के बेवर कस्बे में शुक्रवार दोपहर गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मैनपुरी रेफर कर दिया।
वहां से उसे सैफई पीजीआई के लिए भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बेवर कस्बे के उत्तरी काजी टोला निवासी मोहम्मद आजम उर्फ शहंशाह (32) पुत्र अफजाल अली बुधवार को जयपुर से अपने घर लौटा था।
गुरुवार को घटना के समय वह घर में अकेला था। उसकी मां माहजमा अपनी बहन की बेटी की तबीयत खराब होने के कारण उसे देखने गुरसहायगंज गई हुई थीं। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे अज्ञात परिस्थितियों में युवक को गोली लग गई।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल और फिर सैफई पीजीआई के लिए रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
कमरे से तमंचा और चार कारतूस बरामद
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को युवक के कमरे से एक तमंचा, चार जिंदा कारतूस, तमंचे में फंसा एक कारतूस और एक मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने सभी वस्तुओं को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
युवक को गोली किन परिस्थितियों में लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



