जालौन पुलिस की बड़ी कामयाबी, 48 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा; 3 शातिर चोर गिरफ्तार

उप्र के जालौन कोतवाली पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर बाइक चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया।

जालौन पुलिस की बड़ी कामयाबी, 48 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा; 3 शातिर चोर गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

जालौन से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

जालौन/जनमत न्यूज़। उप्र के जालौन कोतवाली पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर बाइक चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

जबकि गिरोह का एक सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। बताया गया कि 2 जून 2026 को संकल्प सिंह ने कोतवाली जालौन में अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान 4 जून को पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों को दबोच लिया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पकड़े गए आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चार लोगों का गिरोह बनाकर विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों की असली नंबर प्लेट तोड़कर उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई जाती थी और फिर उन्हें बाहर बेच दिया जाता था।

आरोपियों ने बताया कि बरामद तीन मोटरसाइकिलों में से एक करीब एक माह पहले जालौन के गंगाधाम गेस्ट हाउस के पास से, दूसरी छह माह पूर्व उरई के सोम गार्डन क्षेत्र से और तीसरी आठ माह पूर्व झांसी के शिव वाटिका विवाह घर के पास से चोरी की गई थी।

गिरोह का सरगना फरार

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का सरगना छोटेलाल उर्फ लादेन है, जो पुलिस को देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।

गिरफ्तार आरोपी

इमाम हुसैन उर्फ इमाम मंसूरी (36 वर्ष) निवासी ग्राम चुर्खी, जालौन

जितेन्द्र पाल (35 वर्ष) निवासी ग्राम चुर्खी, जालौन

रामतोष पांचाल (30 वर्ष) निवासी ग्राम चुर्खी, जालौन

फरार आरोपी

छोटेलाल उर्फ लादेन निवासी ग्राम चुर्खी, थाना चुर्खी, जनपद जालौन

हथियार भी बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक तमंचा .315 बोर और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। इस संबंध में कोतवाली जालौन में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

48 घंटे में खुलासा कर जालौन पुलिस ने न सिर्फ एक ताजा बाइक चोरी की घटना का पर्दाफाश किया, बल्कि कई महीनों से चोरी हुए वाहनों का भी राज खोल दिया। अब पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।