कौशाम्बी में पेड़ काटने के दौरान बड़ा हादसा, विद्युत पोल की चपेट में आने से मासूम की मौत
उप्र के कौशाम्बी जिले में लापरवाही का खामियाजा एक मासूम को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। पेड़ काटने के दौरान पेड़ की एक मोटी डाल विद्युत पोल पर गिर गई, जिससे पोल टूटकर नीचे जा गिरा।
कौशाम्बी से उमेश सिंह की रिपोर्ट
कौशाम्बी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशाम्बी जिले में लापरवाही का खामियाजा एक मासूम को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। पेड़ काटने के दौरान पेड़ की एक मोटी डाल विद्युत पोल पर गिर गई, जिससे पोल टूटकर नीचे जा गिरा।
हादसे की चपेट में आए तीन वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पूरा मामला मंझनपुर थाना क्षेत्र के टेंवा गांव का है। जहां गांव में एक पेड़ काटने का काम चल रहा था। इसी दौरान पेड़ की भारी भरकम डाल पास में लगे विद्युत पोल पर जा गिरी। डाल के दबाव से विद्युत पोल असंतुलित होकर गिर गया, जिसकी चपेट में वहां मौजूद दो मासूम बच्चे आ गए।
हादसे में तीन वर्षीय प्रिंस की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय जानवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में दोनों बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल जानवी का इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे फतेहपुर जनपद के मनमाऊ गांव के रहने वाले थे और टेंवा गांव स्थित अपने ननिहाल घूमने आए थे। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची मंझनपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


