सहारनपुर की बेहट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशा तस्कर की 2.05 करोड़ की 13 संपत्तियां जब्त
उप्र के सहारनपुर जनपद में “ऑपरेशन सवेरा-नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत थाना बेहट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद में “ऑपरेशन सवेरा-नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत थाना बेहट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस ने शातिर नशा तस्कर तालिब पुत्र सलीम उर्फ सालिम निवासी ग्राम असगरपुर, थाना मिर्जापुर की नशे के अवैध कारोबार से अर्जित बताई गई 13 चल-अचल संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की है।
इन संपत्तियों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 2 करोड़ 5 लाख रुपये बताया गया है।पुलिस के अनुसार, तालिब को 16 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 804 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई थी।
इसके बाद पुलिस ने मामले में उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स के साथ-साथ अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की जांच शुरू की। जांच के दौरान तालिब और उसके परिजनों के नाम 11 अचल और 2 चल संपत्तियों, कुल 13 संपत्तियों का चिन्हीकरण किया गया।
पुलिस के मुताबिक, इन संपत्तियों के संबंध में वैध दस्तावेज या आय का वैध स्रोत प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद SAFEM (FOP) Act एवं NDPS Act, दिल्ली के समक्ष धारा 68(E) NDPS Act के तहत वाद दायर किया गया।
28 सितंबर 2026 को माननीय SAFEM (FOP) Act एवं NDPS Act, दिल्ली न्यायालय ने धारा 68(F) NDPS Act के तहत तालिब की कुल 13 संपत्तियां, जिनका बाजार मूल्य करीब ₹2,05,00,000 है, जब्त करने का आदेश पारित किया।
पुलिस का कहना है कि सहारनपुर जनपद में अवैध मादक पदार्थों से अर्जित संपत्ति के खिलाफ यह पहली ऐसी कार्रवाई है। तालिब के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत बेहट और मिर्जापुर थानों में चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।



