सहारनपुर में ऑपरेशन सवेरा का बड़ा एक्शन, डेढ़ करोड़ की 617 किलो डोडा पोस्त की खेप बरामद; तस्कर गिरफ्तार
उप्र के सहारनपुर जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” के तहत जनपद पुलिस और एएनटीएफ को बड़ी सफलता मिली है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” के तहत जनपद पुलिस और एएनटीएफ को बड़ी सफलता मिली है।
थाना बड़गांव पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 617 किलो 700 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने नानौता-देवबंद रोड स्थित हिंडन नदी पुल के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान आयशर कैंटर को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद हुआ। मौके से शाहाकार अहमद पुत्र मुशीर अहमद, निवासी नवादा जोगियान, पुराना शहर, थाना बारादरी, जनपद बरेली को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 617.700 किलोग्राम डोडा पोस्त, दो मोबाइल फोन, 1,800 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त आयशर कैंटर संख्या यूपी-24टी-2738 बरामद किया है।पूछताछ में सामने आया कि नशीले पदार्थ की खेप झारखंड के रांची से लाई जा रही थी।
पुलिस अब आरोपी के नशे के कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। मामले में थाना बड़गांव में ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।







