सहारनपुर पुलिस ने चोरी की वारदात का किया खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार; एसी व स्टेबलाइजर बरामद
उप्र के सहारनपुर जनपद की थाना मंडी पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद की थाना मंडी पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किए गए तीन एसी के आउटडोर यूनिट, एक स्टेबलाइजर, एक इन्वर्टर, एसी के कॉपर पाइप, कॉपर तार और अन्य पार्ट्स बरामद किए हैं। वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को प्रताप नगर निवासी डॉ. विकास जैन, पैरागपुर निवासी फरमान अली और पीर बाजार निवासी संदीप गर्ग ने थाना मंडी में अलग-अलग तहरीर देकर अज्ञात चोरों द्वारा उनके यहां से बिजली का स्टेबलाइजर, इन्वर्टर, पंखा और एसी का आउटडोर चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
तीनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर में जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जैवी जैन इंटर कॉलेज के पास खाताखेड़ी जाने वाले मार्ग से तौसीफ निवासी नूरबस्ती, आबिद निवासी बंजारों का मोहल्ला थाना मंडी और सलमान निवासी इंचौली, मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद हुआ। बरामद एसी आउटडोर और अन्य सामान को अलग-अलग हिस्सों में खोलकर रखा गया था।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमों में अतिरिक्त धाराएं बढ़ा दी हैं और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


