जाम से राहत दिलाने सड़कों पर उतरा प्रशासन, बहराइच में चला बुलडोजर अभियान
प्रशासन का कहना है कि शहर में जाम की सबसे बड़ी वजह बाजारों में बढ़ता अतिक्रमण है। दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान फैलाने से राहगीरों और वाहनों को निकलने में भारी दिक्कत होती है, जिससे रोजाना लंबा जाम लगता है।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट —
बहराइच/जनमत न्यूज। शहर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या से परेशान आमजन को राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को शहर के प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की।
घंटाघर मार्केट और रोडवेज क्षेत्र में चलाए गए इस अभियान के दौरान दुकानों के बाहर सड़क तक फैले काउंटर, सामान और अस्थायी ढांचों को हटाया गया। कई स्थानों पर टीम ने अतिक्रमण में रखा सामान भी जब्त किया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा सिंह स्वयं सड़कों पर उतरकर अभियान की निगरानी करती नजर आईं। उनके साथ पुलिस प्रशासन के अधिकारी और भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा, ताकि अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि शहर में जाम की सबसे बड़ी वजह बाजारों में बढ़ता अतिक्रमण है। दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान फैलाने से राहगीरों और वाहनों को निकलने में भारी दिक्कत होती है, जिससे रोजाना लंबा जाम लगता है।
नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि इससे पहले भी कई बार दुकानदारों को चेतावनी दी गई थी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर एक हजार रुपये तक का जुर्माना भी लगाया गया, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसी के चलते दोबारा सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।
अभियान के दौरान एसपी सिटी, सीओ सिटी, सीओ ट्रैफिक सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों को भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा सिंह ने स्पष्ट कहा कि यदि आगे भी सड़क पर अतिक्रमण किया गया तो और कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कार्रवाई के बाद शहर की सड़कों पर कुछ हद तक राहत देखने को मिली है, लेकिन लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि क्या यह व्यवस्था स्थायी रह पाएगी या कुछ दिनों बाद फिर पुरानी स्थिति लौट आएगी।

Janmat News 
