हरदोई की नवीन फल मंडी में भीषण अग्निकांड, 8 दुकानें जलकर राख, सिलेंडर धमाकों से दहशत

इस अग्निकांड में मनोज कुमार, राजू गुप्ता, गजरानी, सुमित पाल, रिंकू प्रजापति और रमाकांत की दुकानें एवं खोखे पूरी तरह जलकर खाक हो गए। दुकानों में रखा फास्ट फूड, मिठाई, परचून और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।

हरदोई की नवीन फल मंडी में भीषण अग्निकांड, 8 दुकानें जलकर राख, सिलेंडर धमाकों से दहशत
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। हरदोई में देर रात नवीन फल मंडी गेट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टीन शेड में बनी दुकानों और लोहे के खोखों में अचानक भीषण आग लग गई। घटना रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआत एक दुकान से हुई आग कुछ ही देर में तेजी से फैल गई, जिससे करीब 7 से 8 दुकानें जलने लगीं। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर क्षेत्र में दहशत फैल गई तथा मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे ही थे कि दुकानों में रखे एक कमर्शियल और तीन घरेलू गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गए। इस दौरान एक के बाद एक दो सिलेंडरों में जोरदार धमाके होने से इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

हालांकि फायर ब्रिगेड टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए अन्य सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

इस अग्निकांड में मनोज कुमार, राजू गुप्ता, गजरानी, सुमित पाल, रिंकू प्रजापति और रमाकांत की दुकानें एवं खोखे पूरी तरह जलकर खाक हो गए। दुकानों में रखा फास्ट फूड, मिठाई, परचून और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।

पीड़ित दुकानदारों के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।