सावन के पहले सोमवार पर रायबरेली के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, बाल्हेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक और महाआरती
लालगंज क्षेत्र के ऐहार गांव में स्थित सुप्रसिद्ध बाल्हेश्वर महादेव मंदिर में सुबह 3 बजे से ही धार्मिक अनुष्ठान आरंभ हो गए। मंदिर के पुजारी द्वारा मंत्रोच्चारण और वैदिक विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया।

रायबरेली/जनमत न्यूज। सावन माह के पहले सोमवार को रायबरेली जनपद के शिवालयों में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालु लंबी कतारों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक स्थित शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगातार बढ़ती रही।
लालगंज क्षेत्र के ऐहार गांव में स्थित सुप्रसिद्ध बाल्हेश्वर महादेव मंदिर में सुबह 3 बजे से ही धार्मिक अनुष्ठान आरंभ हो गए। मंदिर के पुजारी द्वारा मंत्रोच्चारण और वैदिक विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया। इसके पश्चात महाआरती कर मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। आरती के बाद से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लगी रहीं।
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। मंदिर प्रबंधन और प्रशासन ने मिलकर पूरी व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखी ताकि किसी को कोई असुविधा न हो। श्रद्धा और सुरक्षा का यह सुंदर समन्वय सावन के पहले सोमवार को विशेष बना रहा।