मथुरा: रिहायशी कॉलोनी में चल रहीं व्यावसायिक गतिविधियां, विरोध में जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

उप्र के मथुरा जनपद की तिलक नगर कॉलोनी के निवासियों ने रिहायशी क्षेत्र में संचालित हो रही व्यावसायिक गतिविधियों के विरोध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

मथुरा: रिहायशी कॉलोनी में चल रहीं व्यावसायिक गतिविधियां, विरोध में जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
Published By- Diwaker Mishra

मथुरा से सैयद जाहिद की रिपोर्ट

मथुरा/जनमत न्यूज़। उप्र के मथुरा जनपद की तिलक नगर कॉलोनी के निवासियों ने रिहायशी क्षेत्र में संचालित हो रही व्यावसायिक गतिविधियों के विरोध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि तिलक नगर कॉलोनी पूरी तरह आवासीय क्षेत्र है, जहां करीब 100 परिवार निवास करते हैं।

आरोप है कि कॉलोनी के कुछ मकानों में इलेक्ट्रॉनिक सामान के व्यापार सहित अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायत में मकान नंबर 06, 08, 11, 13, 20, 33, 66, 67, 68 और 69 का उल्लेख किया गया है।

निवासियों के अनुसार इन गतिविधियों के चलते दिनभर भारी वाहनों और बाहरी लोगों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे कॉलोनी का माहौल प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना है कि पहले भी कॉलोनी में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं और लगातार बाहरी लोगों के आने-जाने से सुरक्षा संबंधी खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि व्यावसायिक गतिविधियों के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए उचित कार्रवाई की जाए।