हाथरस: इश्क में अंधी युवती बनी ‘लुटेरी दुल्हन’, अपनी ससुराल को लूटकर चाचा संग हुई फरार

उप्र के हाथरस जनपद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां इश्क में अंधी एक युवती ने अपने ही ससुराल को ही निशाना बना डाला। दुल्हन ने शादी के 3 दिनों बाद ऐसा खेल खेला है कि पूरा परिवार सदमे में है।

हाथरस: इश्क में अंधी युवती बनी ‘लुटेरी दुल्हन’, अपनी ससुराल को लूटकर चाचा संग हुई फरार
Published By- Diwaker Mishra

हाथरस से होमेश मिश्रा की रिपोर्ट

हाथरस/जनमत न्यूज़। उप्र के हाथरस जनपद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां इश्क में अंधी एक युवती ने अपने ही ससुराल को ही निशाना बना डाला। दुल्हन ने शादी के 3 दिनों बाद ऐसा खेल खेला है कि पूरा परिवार सदमे में है।

जानकारी के मुताबिक हाथरस की चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव परसारा निवासी मोनिका की शादी 21 फरवरी को सदर कोतवाली क्षेत्र के नाई का नगला नई बस्ती निवासी सुनील कुमार से हुई थी। 22 फरवरी को वह धूमधाम से ससुराल पहुंची, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि उसके इरादे क्या हैं।

बताया जा रहा है कि सुहागरात की पहली ही रात मोनिका ने अपने पति सुनील पर चाकू से हमला कर दिया और उसे दूर रहने की धमकी दी। दूल्हा भयभीत होकर अलग बिस्तर पर सो गया और अगले दिन अपने ससुराल पक्ष को पूरी बात बताई। समझाने-बुझाने का दौर चला लेकिन मामला शांत नहीं हुआ।

आरोप है कि 25 फरवरी की शाम दुल्हन ने पूरे परिवार के लिए खाना बनाया और बड़े प्यार से सभी को खिलाया। खाना खाने के कुछ देर बाद परिवार के लोग बेहोश हो गए। इसी दौरान दुल्हन घर में रखे करीब 10 लाख रुपये के सोने के जेवर, 4 से 5 लाख रुपये की चांदी और 18 हजार रुपये नकद समेटकर फरार हो गई।

सुबह जब सुनील की आंख खुली तो दुल्हन गायब थी और घर का मुख्य गेट खुला मिला। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि मोनिका अपने रिश्ते के चाचा सुग्रीव के साथ नया आशियाना बसाने के लिए भागी है।

फिलहाल पुलिस को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है और इलाके में इस लुटेरी दुल्हनकी चर्चा जोरों पर है।