पांच दिन से लापता छात्र का शव अरहर के खेत में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

परिजनों ने आरोप लगाया है कि छात्र की हत्या कर शव को खेत में फेंका गया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पांच दिन से लापता छात्र का शव अरहर के खेत में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद के किशनपुर थाना क्षेत्र में पांच दिन से लापता एक छात्र का शव अरहर के खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यह मामला किशनपुर थाना क्षेत्र के लोची का डेरा मजरे इटरौरा गांव का है। बताया जा रहा है कि छात्र पिछले पांच दिनों से लापता था। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।

शनिवार को गांव के पास अरहर के खेत में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान लापता छात्र के रूप में की। घटना की खबर फैलते ही गांव में भीड़ जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि छात्र की हत्या कर शव को खेत में फेंका गया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।