शाहजहांपुर: नकली नोटो के बड़े कारोबारी गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार; नगदी व प्रिंटर बरामद

उप्र की शाहजहांपुर पुलिस को नकली नोटों के बड़े गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। जनपदीय एसओजी, सर्विलांस सेल और थाना सदर बाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

शाहजहांपुर: नकली नोटो के बड़े कारोबारी गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार; नगदी व प्रिंटर बरामद
Published By- Diwaker Mishra

शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र की शाहजहांपुर पुलिस को नकली नोटों के बड़े गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। जनपदीय एसओजी, सर्विलांस सेल और थाना सदर बाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इनके कब्जे से 1 लाख 1 हजार 500 रुपये के नकली नोट, 37 हजार 500 रुपये की असली नकदी, एक प्रिंटर, नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला कागज, कैंची और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में बरेली और हरदोई के निवासी शामिल हैं। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि पहले उसे नकली नोटों के नाम पर धोखा दिया गया था।

इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रिंटर से नकली नोट छापने और उन्हें बाजार में खपाने का नेटवर्क तैयार कर लिया। आरोपी अपनी पत्नी के जरिए भी अलग-अलग स्थानों पर छोटे-छोटे नोट चलवाते थे ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस ने NCC तिराहे के पास घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामदगी के आधार पर थाना सदर बाजार में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि नकली नोटों का नेटवर्क कहां-कहां तक फैला हुआ है।