मुजफ्फरनगर: किसान की मदद के लिए आगे आया राजस्व विभाग, डीएम के निर्देश पर मौके पर पहुंची टीम

उप्र के मुजफ्फरनगर तहसील सदर क्षेत्र के गांव शेरनगर में पीड़ित किसान नरेश की समस्या का जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को किसान की हरसंभव मदद के निर्देश दिए।

मुजफ्फरनगर: किसान की मदद के लिए आगे आया राजस्व विभाग, डीएम के निर्देश पर मौके पर पहुंची टीम
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार  की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर तहसील सदर क्षेत्र के गांव शेरनगर में पीड़ित किसान नरेश की समस्या का जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को किसान की हरसंभव मदद के निर्देश दिए।

डीएम के निर्देश के बाद बुधवार को राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और किसान की समस्या का स्थलीय निरीक्षण किया। बताया गया कि करीब दो दिन पूर्व किसान नरेश अपने परिवार के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा था।

किसान ने बताया था कि खेत से पानी की निकासी नहीं होने के कारण तालाब का पानी उसकी कृषि भूमि में भर गया है, जिसके चलते वह खेती नहीं कर पा रहा है और उसकी आय का जरिया प्रभावित हो गया है।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल शांतनु शर्मा, क्षेत्रीय कानूनगो शैलेंद्र शर्मा एवं राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्थलीय निरीक्षण में पाया कि पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण तालाब का पानी किसान के खेतों में पहुंच रहा है।

राजस्व विभाग की टीम ने तत्काल पानी की निकासी की व्यवस्था कराने के लिए खंड विकास अधिकारी, विकासखंड सदर को एस्टीमेट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा।

अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर खेत से पानी निकालने की व्यवस्था कराई जाएगी। इसके बाद राजस्व अभिलेखों के आधार पर किसान की भूमि की पैमाइश कराकर उसकी जमीन से संबंधित समस्या का भी समाधान कराया जाएगा।

अधिकारियों की त्वरित पहल से पीड़ित किसान नरेश के चेहरे पर राहत और खुशी दिखाई दी। किसान ने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा का समस्या का तत्काल संज्ञान लेने और राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजने के लिए धन्यवाद किया।

राजस्व विभाग की टीम ने भरोसा दिलाया कि किसान की समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है और पीड़ित किसान के साथ प्रशासन खड़ा है।