हरदोई में सपा-कांग्रेस का प्रदर्शन, सपा ने सौंपा ज्ञापन तो कांग्रेस ने मांगा ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा

उप्र के हरदोई में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर बुधवार को हरदोई में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अलग-अलग विरोध प्रदर्शन किया।

हरदोई में सपा-कांग्रेस का प्रदर्शन, सपा ने सौंपा ज्ञापन तो कांग्रेस ने मांगा ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार  की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर बुधवार को हरदोई में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अलग-अलग विरोध प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से पैदल मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।

वहीं कांग्रेसियों ने तिकुनिया पार्क स्थित गांधी प्रतिमा के सामने सत्याग्रह और चरखा चलाकर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध जताया और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शराफत अली ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर कार्यकर्ता चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में सड़क पर उतरे हैं।

उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। सपा नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने और मामले में कार्रवाई की मांग की।

उधर,कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने तिकुनिया पार्क में सत्याग्रह किया। आशीष सिंह ने आरोप लगाया कि देश में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं और इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठा रही है।

आशीष सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती,कांग्रेस का सत्याग्रह जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दोनों दलों के प्रदर्शनों को लेकर कलेक्ट्रेट और तिकुनिया पार्क क्षेत्र में पुलिस बल भी तैनात रहा।