मुजफ्फरनगर: विकास भवन में हंगामा, लोन दिलाने के नाम पर कथित डूडा कर्मचारी पर ठगी का आरोप
मुजफ्फरनगर जनपद के विकास भवन में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो महिलाएं पहुंचकर गौरव चंदेल नामक कथित डूडा कर्मचारी पर लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने का आरोप लगाने लगीं।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के विकास भवन में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो महिलाएं पहुंचकर गौरव चंदेल नामक कथित डूडा कर्मचारी पर लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने का आरोप लगाने लगीं।
महिलाओं का कहना है कि आरोपी ने सरकारी योजना के तहत ऋण स्वीकृत कराने का भरोसा देकर उनसे ₹3000-₹3000 लिए, लेकिन महीनों बाद भी न तो लोन मिला और न ही रकम वापस की गई।
आक्रोशित महिलाएं विकास भवन पहुंचीं और संबंधित कर्मचारी को मौके पर बुलाने की मांग की। काफी देर तक परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। महिलाओं ने आरोपी को फोन मिलाया, जिस पर उसने स्वयं को डॉक्टर के पास होना बताते हुए आने में असमर्थता जताई।
महिलाओं ने साफ चेतावनी दी कि यदि उनकी मेहनत की कमाई जल्द वापस नहीं की गई तो वे उच्चाधिकारियों से औपचारिक शिकायत कर सख्त कानूनी कार्रवाई कराएंगी। उनका कहना था कि भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कई घंटों तक इंतजार के बाद भी संबंधित कर्मचारी के न पहुंचने पर महिलाओं ने लिखित शिकायत सौंप दी और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले को लेकर विकास भवन में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा।

Janmat News 
